akhbaar update

होटल कर्मचारी से मारपीट का बदला लेने घर पर किए बम से हमले, CCTV में कैद हुए आरोपी






जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र की अंजलि कॉलोनी में गुरुवार रात चार बदमाशों ने एक घर पर देसी बम फेंककर दहशत फैला दी। आरोपियों ने होटल कर्मचारी मट्टू समद को निशाना बनाकर यह हमला किया। हालांकि बम उसके घर में न गिरकर पड़ोस में रहने वाले अधिवक्ता संतोष भारती के मकान परिसर में गिरे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत गुरुवार शाम सिविल लाइन स्थित एक होटल में हुए विवाद से हुई थी। समर सोनकर, अरमान चौहान, हर्ष और उनके साथी होटल में ठहरे हुए थे। आरोप है कि सभी नशे की हालत में हंगामा कर रहे थे और गाली-गलौज कर रहे थे। होटल कर्मचारी मट्टू समद ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ बेल्ट से मारपीट कर दी। होटल स्टाफ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन जाते-जाते आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।

रात में ड्यूटी खत्म होने के बाद मट्टू समद अपने घर रिछाई स्थित अंजलि कॉलोनी पहुंचा। कुछ देर बाद सफेद स्कूटर से सवार होकर चारों आरोपी वहां पहुंचे और घर की ओर कई देसी बम फेंक दिए। धमाकों के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें बापू नगर निवासी समर, हर्ष और अरमान अपने साथी के साथ स्कूटर पर आते और बम फेंकते दिखाई दिए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update