akhbaar update

ब्यूटी पार्लर पार्टनर्स के बीच विवाद का खूनी अंत, दोनों की मौत




जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित डॉ. भंडारी अस्पताल के पास राजुल डुप्लेक्स में सोमवार को गोली चलने की घटना से सनसनी फैल गई। घटना में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान शक्ति कोहली और दीपेश राठौर के रूप में हुई है। दोनों ने कुछ समय पहले साझेदारी में एक ब्यूटी पार्लर सेंटर शुरू किया था। सोमवार दोपहर शक्ति अपने कमरे पर मौजूद थी, तभी दीपेश वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दीपेश ने पिस्टल निकालकर शक्ति को गोली मार दी। गोली लगते ही शक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दीपेश ने स्वयं को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर मौत हो गई।

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

फोरेंसिक विशेषज्ञों ने कमरे से खून के नमूने, उंगलियों के निशान और अन्य जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पड़ोसियों और अन्य लोगों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update