akhbaar update

इंजीनियरिंग छात्र फैजान अंसारी रहस्यमय ढंग से लापता, नर्मदा घाटों पर तलाश जारी

 





जबलपुर।  सिंधी कैंप क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र मोहम्मद फैजान अंसारी के अचानक लापता होने से परिजन और पुलिस परेशान हैं। श्रीराम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में बीटेक कंप्यूटर साइंस अंतिम वर्ष का छात्र फैजान 5 जून की देर रात घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है।

जानकारी के अनुसार, फैजान 5 जून की रात करीब 3:30 बजे अपनी एक्टिवा स्कूटी लेकर घर से निकला था। उसी दिन उसकी अंतिम सेमेस्टर परीक्षा भी थी, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने हनुमानताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। लापता होने के बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद है, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।

जांच के दौरान पुलिस को फैजान की एक्टिवा स्कूटी तिलवाराघाट के पार्किंग क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली। वाहन मिलने के बाद पुलिस ने घाट क्षेत्र में खोजबीन तेज कर दी। एसडीईआरएफ की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया गया, जिसने तिलवाराघाट से लेकर लम्हेटाघाट तक नर्मदा नदी के कई हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

फैजान के परिजन भी लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। उन्होंने घाट क्षेत्र के लोगों और आसपास के इलाकों में पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। परिजनों का कहना है कि फैजान पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर था और परीक्षा के दिन उसका इस तरह अचानक गायब होना समझ से परे है।

पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों और चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं। हालांकि कई जगहों की फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण जांच में कठिनाई आ रही है। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और अन्य सुरागों के आधार पर छात्र की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update