जबलपुर। गौर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रानी अवंती बाई वार्ड क्रमांक 67 के कुड़रिया गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक मासूम की जान पर भारी पड़ गई। टूटे हुए बिजली तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से 7 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुड़रिया निवासी संदीप कनौजिया का सात वर्षीय पुत्र श्लोक कनौजिया बुधवार सुबह घर के पीछे खेत की ओर गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में पहुंचे। वहां श्लोक बिजली के टूटे तार के पास अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे तार टूटकर जमीन पर गिर गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी सूचना बिजली कंपनी के अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
युवा कांग्रेस नेता राहुल रजक ने घटना के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि क्षेत्र में लटकते और क्षतिग्रस्त तारों की शिकायत लगातार की जा रही थी। यदि अधिकारियों ने समय पर ध्यान दिया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।