जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र स्थित गंगा मैया टाइप-2 व्हीकल फैक्ट्री इलाके में कुछ दिनों पहले हुए चाकू हमले के मामले में घायल 13 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, किशोर का अपने परिचित दो नाबालिगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने धारदार चाकू से किशोर पर हमला कर दिया, जिससे उसके गले में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल किशोर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम ने उसकी जान बचाने के लिए लगातार उपचार किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रांझी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
