akhbaar update

बिजली की तार काटने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, कई लोग घायल

 



जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के सुरैया सिमरिया गांव में बिजली की तार काटने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सुरैया सिमरिया निवासी 26 वर्षीय नीलेश सिंह लोधी ने शिकायत दर्ज कराई कि 18 जून की रात करीब 10 बजे उसके घर की बिजली बंद हो गई थी। जब वह पास लगे खंभे के पास बिजली की जांच करने पहुंचा तो देखा कि बिजली की तार कटी हुई है। उसने आवाज लगाकर पूछा कि तार किसने काटी है। इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले भूरा रजक से विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान भूरा रजक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके पिता संतोष रजक और भाई रवि रजक डंडा लेकर आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई, जिसमें नीलेश के पिता लोक सिंह और चाचा भगवान सिंह को चोटें आईं। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।

वहीं दूसरे पक्ष से सुरैया सिमरिया निवासी 30 वर्षीय रविकांत रजक ने भी शिकायत दर्ज कराई है। रविकांत के अनुसार, वह अपने घर पर मौजूद था तभी नीलेश लोधी उसके घर के पास आकर बिजली की तार काटने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगा। समझाने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी तथा मारपीट हो गई।

रविकांत ने आरोप लगाया कि नीलेश के पिता लोक सिंह और चाचा भगवान सिंह ने लाठी से मारपीट कर उसके भाई कृष्णकांत उर्फ भूरा को चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पर उसे भी चोट लगी। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पाटन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update