akhbaar update

महिला होम साइंस कॉलेज में नई यूनिफॉर्म का विरोध, छात्राओं और अभिभावकों ने सौंपा ज्ञापन

 



जबलपुर। महिला होम साइंस कॉलेज में अचानक नई यूनिफॉर्म लागू किए जाने के फैसले का छात्राओं और अभिभावकों ने विरोध शुरू कर दिया है। इस संबंध में पेरेंट्स एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश ने कॉलेज प्रबंधन, जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपकर पुराने ड्रेस कोड को जारी रखने की मांग की है।

पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने बताया कि वर्षों से चली आ रही यूनिफॉर्म पहले से ही अधिकांश छात्राओं के पास उपलब्ध है। ऐसे में अचानक नई यूनिफॉर्म लागू करने से अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस बदलाव का शिक्षा की गुणवत्ता से कोई सीधा संबंध नहीं है।

ज्ञापन में छात्राओं की सुविधाओं से जुड़े पहलुओं को भी उठाया गया है। छात्राओं का कहना है कि नई यूनिफॉर्म का हल्का रंग कई परिस्थितियों में असुविधा का कारण बन सकता है, जबकि पुरानी गहरे रंग की यूनिफॉर्म अधिक सुविधाजनक थी।

पेरेंट्स एसोसिएशन ने मांग की है कि यूनिफॉर्म परिवर्तन के निर्णय की समीक्षा की जाए। साथ ही यदि यूनिफॉर्म की आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार के व्यावसायिक हितों की आशंका है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक छात्राओं को पुरानी यूनिफॉर्म में कॉलेज आने की अनुमति दी जाए और नई ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर न किया जाए।

छात्राओं और अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो नए सत्र के शुरू होने के बाद बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान नीलम नामदेव, अंशिका गुप्ता, साक्षी सोनी, तान्या कोरी, वसुंधरा राज, दुर्गा, मुनमुन शर्मा, लक्ष्यश्री राजपूत, रिद्धिका गर्ग, नेहा गढ़वाल और दिशा कुशवाहा सहित कई छात्राएं मौजूद रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update