जबलपुर। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस के बीच मानसून के आगमन का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों तक पहुंच चुका है और अगले 48 घंटों में मध्य प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार मानसून बंगाल की खाड़ी की ओर से आगे बढ़ रहा है। इसी कारण पिछले वर्षों की तुलना में इसकी एंट्री इंदौर की ओर से नहीं, बल्कि प्रदेश के पूर्वी-दक्षिणी जिलों बालाघाट, अनूपपुर और उमरिया के रास्ते होने की संभावना है।
सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। धार में सबसे अधिक 44 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं भोपाल में 20 मिमी, उज्जैन में 9 मिमी, खंडवा और राजगढ़ में 4-4 मिमी तथा इंदौर और जबलपुर में 3-3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा छिंदवाड़ा, सिवनी, सतना और खजुराहो में भी हल्की बौछारें पड़ीं।
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और कई स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना जताई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
जबलपुर: अधिकतम 36.0°C, न्यूनतम 25.8°C
भोपाल: अधिकतम 35.2°C, न्यूनतम 25.7°C
इंदौर: अधिकतम 34.7°C, न्यूनतम 27.5°C
ग्वालियर: अधिकतम 40.2°C, न्यूनतम 28.2°C
मानसून की दस्तक के साथ आने वाले दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।