जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार झपटमारों ने एक महिला को अपना शिकार बनाते हुए उसकी सोने की झुमकी छीन ली और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बेलबाग के बढ़ई मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय रेखा बेन अपने रिश्तेदारों के साथ मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं। जब उनका परिवार ग्राम उमरिया चौबे के आगे गोदाम के पास पहुंचा, तभी बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक उनके पास आए और रास्ता पूछने के बहाने बाइक रुकवाई।
इसी दौरान स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर रेखा बेन के कान में पहनी करीब 20 हजार रुपये कीमत की सोने की झुमकी छीन ली और साथी के साथ तेजी से फरार हो गया।
घटना की शिकायत पर पनागर थाना पुलिस ने अज्ञात झपटमारों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।