akhbaar update

मेडिकल कॉलेज के सर्वेंट क्वार्टर के पास कचरे के ढेर में लगी भीषण आग, देर रात तक चला बुझाने का प्रयास

 




जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर स्थित सर्वेंट क्वार्टर के पास शुक्रवार देर रात कचरे के विशाल ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची उठती लपटें और धुएं के घने गुबार को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों और आसपास के रहवासियों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज अस्पताल क्षेत्र में सर्वेंट क्वार्टर के समीप लंबे समय से कचरे का बड़ा ढेर जमा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे अचानक उसमें आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई। आग की लपटें आसमान तक उठने लगीं और आसपास का पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को बुझाने के कार्य में लगाया गया। समाचार लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।

आग से निकल रहे घने धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update