akhbaar update

जमीन और बैंक लोन के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, पीड़ितों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

 



जबलपुर। शहर में जमीन की खरीदी-बिक्री, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और वित्तीय संस्थानों से गलत तरीके से लोन लेने से जुड़े कई गंभीर मामलों को लेकर पीड़ित परिवारों ने संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान पीड़ितों ने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया कि एक संगठित गिरोह ने सुनियोजित तरीके से कई लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकार वार्ता में आनंद कुमार शुक्ला, अमन गुप्ता, राकेश गुप्ता, शमीम मंसूरी सहित अन्य पीड़ित उपस्थित रहे।

गोहलपुर निवासी शमीम मंसूरी से जुड़े मामले में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने उनकी कुदवारी स्थित संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों का गलत उपयोग कर फर्जी मुख्तयारनामा तैयार कराया। इसके आधार पर संपत्ति की रजिस्ट्री कराकर एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी से लगभग 22 लाख 86 हजार रुपये का लोन प्राप्त किया गया। मामले की जानकारी तब सामने आई जब संपत्ति पर वसूली संबंधी नोटिस पहुंचा। इस संबंध में अधारताल थाने में शिकायत दर्ज होने की जानकारी दी गई।

 फर्जी रजिस्ट्री कर बैंक से 52 लाख रुपये का लोन 

दूसरे मामले में अमर सिंह ठाकुर की जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े की जानकारी दी गई। पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी पहचान और दस्तावेजों का उपयोग कर जमीन की रजिस्ट्री कराई और बाद में उसी संपत्ति को बैंक में गिरवी रखकर करीब 52 लाख 60 हजार रुपये का लोन हासिल कर लिया। इस मामले में संजीवनीनगर थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज बताया गया है।



जमीन बेचने के बाद पैसे मांगने का आरोप

पत्रकार वार्ता में अमन गुप्ता ने बताया कि माढ़ोताल क्षेत्र की एक जमीन को विवाद रहित बताकर उनके परिवार से सौदा कराया गया। रजिस्ट्री होने और मकान निर्माण पूरा होने के बाद कुछ लोगों द्वारा जमीन पर दावा करते हुए कथित रूप से रकम की मांग की गई। आरोप है कि समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये मांगे गए और रकम नहीं देने पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।

परिवार को प्रताड़ित कर पैसों की मांग का आरोप 

प्रेस वार्ता में एक अन्य मामले का भी जिक्र किया गया, जिसमें एक व्यक्ति पर पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी पत्नी के साथ मारपीट करने और मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार इस मामले की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज कराई गई है।

प्रशासन से की सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ितों का कहना है कि कई मामलों में शिकायत और अपराध दर्ज होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने, बैंक और रजिस्ट्री से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update