akhbaar update

राष्ट्रपति के जबलपुर दौरे को लेकर विशेष यातायात व्यवस्था, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्सन

 



जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 20 एवं 21 जून 2026 को प्रस्तावित जबलपुर आगमन को देखते हुए शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। राष्ट्रपति के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सदर स्थित गैरीसन ग्राउंड में योग कार्यक्रम तथा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होने के दौरान 21 जून को कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

गैरीसन ग्राउंड क्षेत्र में रहेगा डायवर्सन

यातायात पुलिस द्वारा जारी व्यवस्था के अनुसार प्रातः 5 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक भारी वाहन, यात्री बसें और लोडिंग वाहन एकता मार्केट से डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन चूल्हा गोलाई मार्ग से होकर शहर की ओर आ-जा सकेंगे।

वहीं सुबह 6 बजे से 9 बजे तक पेंटीनाका, सृजन चौक, यादगार चौक और टीआई क्रॉसिंग की ओर से गैरीसन ग्राउंड जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। मंडला की ओर से आने वाले वाहन पेंटीनाका से समन्वय चौक होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। जायसवाल पेट्रोल पंप से कटंगा और बंदरिया तिराहे की ओर जाने वाला मार्ग सामान्य रूप से चालू रहेगा।

पार्किंग के लिए तय किए गए स्थान

कार्यक्रम में आने वाले वीआईपी वाहनों के लिए नर्मदा क्लब ग्राउंड गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों की कार और दोपहिया वाहनों के लिए नर्मदा क्लब ग्राउंड गेट नंबर-2 निर्धारित किया गया है। आरसीएम ग्राउंड में बस, कार तथा पुलिस और प्रशासन के वाहनों की पार्किंग होगी, जबकि मुर्गी मैदान में बसों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय मार्ग पर भी रहेगा प्रतिबंध

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के समय सुबह 11 बजे से 11:45 बजे तक और दोपहर 12:30 बजे से 1:15 बजे तक विश्वविद्यालय के सामने वाले मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।

विश्वविद्यालय परिसर में गेट नंबर-1 पर वीआईपी पार्किंग, गेट नंबर-2 को वीवीआईपी प्रवेश द्वार, गेट नंबर-3 को आपातकालीन निकास तथा गेट नंबर-4 को कार और दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है।

नीट परीक्षार्थियों को रहेगी विशेष छूट

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए इन यातायात प्रतिबंधों से छूट दी जाएगी।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि राष्ट्रपति और अन्य वीआईपी के शहर आगमन के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update