जबलपुर। शहर के फ्लाईओवर पर रील बनाने का ट्रेंड लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद देर रात युवक-युवतियां फ्लाईओवर पर वीडियो और रील बनाने पहुंच रहे हैं। रविवार रात भी फ्लाईओवर पर ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां यातायात के बीच कई युवक-युवतियां घंटों तक रील बनाने में व्यस्त रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फ्लाईओवर पर दो समूह मौजूद थे। एक समूह तमाशबीन बना रहा, जबकि दूसरा समूह मोबाइल कैमरों के सामने अलग-अलग अंदाज में रील बनाने में लगा था। इस दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी जारी रही। रील रिकॉर्ड करने के बाद युवक-युवतियां वीडियो देखकर बार-बार री-टेक करते रहे।
बताया जा रहा है कि यह सिलसिला रात करीब डेढ़ बजे तक चलता रहा, लेकिन मौके पर पुलिस की कोई पेट्रोलिंग नजर नहीं आई। इससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी फ्लाईओवर पर रील बनाने को लेकर विवाद और झगड़े की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात फ्लाईओवर पर जमा होने वाले लोगों की पहचान और गतिविधियों की जांच होनी चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।