akhbaar update

चकाजाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी पर कुल्हाड़ी और हंसिए से हमला, हालत गंभीर



सीधी। जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र के पटपरा गांव में सोमवार को चकाजाम हटाने पहुंचे थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, गांव में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास करने लगे।

इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर कुल्हाड़ी और हंसिए से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें भीड़ से सुरक्षित निकालकर डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले में दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की और थाना प्रभारी पर धारदार हथियार से हमला किया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। एसपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update