akhbaar update

अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

 




जबलपुर। गढ़ा थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 3.50 लाख रुपये कीमत के तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मेडिकल कॉलेज परिसर में दो युवक बिना नंबर की स्कूटी बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने स्कूटी इंदौर के तिलकनगर क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने बड्ढा बाबा मैदान में दबिश देकर दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र से चोरी की गई दो और मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सरगना आयुष नामक युवक है, जो इंदौर में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह वाहन चोरी कर अपने साथियों को बेचने के लिए देता था। आरोपी के खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में पहले से कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही अन्य जिलों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता भी खंगाली जा रही है। बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update