जबलपुर। जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गौर पुलिस चौकी और बरगी थाना क्षेत्र के बीच नर्मदा नदी पुल पर एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि हाईवा चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक में आग भी लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना स्थल बरगी थाना क्षेत्र में होने के कारण बरगी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हाईवा चालक की तलाश कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।