मुरकटिया घाट से अवैध रेत परिवहन पर शिकंजा, रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार
जबलपुर। चरगवां पुलिस ने अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे के अनुसार, 28 जून को मुरकटिया घाट क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम अहमदपुर स्थित हनुमान मंदिर के सामने घेराबंदी की। इस दौरान गोटेगांव की ओर से आ रहे आईसर ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 49 ए 6716 को रोककर जांच की गई।
जांच में ट्रॉली में बड़ी मात्रा में रेत लदी मिली। पूछताछ के दौरान चालक धीरेन्द्र पिपरोलिया, निवासी ग्राम नोनी करेली, थाना गोटेगांव, जिला नरसिंहपुर ने स्वीकार किया कि वह अपने पिता के ट्रैक्टर से अवैध रूप से रेत चोरी कर चरगवां क्षेत्र में बेचने ले जा रहा था।
पुलिस ने चालक के पास रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत को जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस तथा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरकटिया घाट क्षेत्र में अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से आसपास के इलाकों में रेत की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आरक्षक अभिषेक कौरव, राहुल भारती और विजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।