akhbaar update

रेलवे फाटक पर ट्रैक्टर हटाने के विवाद में मजदूर पर चाकू से हमला, तीन आरोपी फरार

 




जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास ट्रैक्टर हटाने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल मजदूर को गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, टिकरिया गोसलपुर निवासी 32 वर्षीय शिशुपाल सिंह मजदूरी करता है। उसने पुलिस को बताया कि 18 जून की शाम करीब 3:30 बजे वह ट्रैक्टर लेकर खेत से अपने घर लौट रहा था। जब वह केवलारी फाटक के पास पहुंचा तो फाटक बंद होने के कारण वहां कई वाहन खड़े थे। उसने भी अपना ट्रैक्टर वहीं रोक लिया।

इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार अक्षय माना अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और ट्रैक्टर हटाने की बात कहने लगा। शिशुपाल ने कहा कि फाटक खुलने के बाद वह ट्रैक्टर हटा लेगा। इसी बात को लेकर तीनों आरोपी गाली-गलौज करने लगे और उन्होंने शिशुपाल को ट्रैक्टर से नीचे उतारकर मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि विवाद के दौरान अक्षय माना ने चाकू निकालकर शिशुपाल के पेट में वार कर दिया। हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को पहले शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

गोसलपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update