जबलपुर। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव 2026 के लिए डाले गए मतों की गिनती चरणबद्ध तरीके से जारी है। 23 सदस्यीय परिषद के चुनाव में पहले चरण की मतगणना पूरी होने के बाद शुरुआती रुझान सामने आए हैं। पहले दौर में प्रदेश की 27 तहसीलों के 3210 मतपत्रों की जांच की गई, जिनमें 3091 मत वैध पाए गए, जबकि 119 मत निरस्त कर दिए गए।
राकेश सिंह भदौरिया ने बनाई बढ़त
शुरुआती परिणामों में राकेश सिंह भदौरिया 216 मतों के साथ पहले स्थान पर चल रहे हैं। उनके बाद शैलेन्द्र वर्मा को 167 वोट मिले हैं। नरेन्द्र कुमार जैन 150 मतों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। वहीं आर.के. सिंह सैनी को 142 और दिनेश नारायण पाठक को 141 मत प्राप्त हुए हैं।
कई दिग्गजों के बीच कड़ा मुकाबला
मतगणना में मनीष तिवारी 140 वोटों के साथ छठे, विजय कुमार चौधरी 121 वोटों के साथ सातवें स्थान पर हैं। इसके अलावा दिनेश कुमार दीक्षित को 99, हितोषी जय हार्डिया को 94 और खिलाड़ी लाल गंगोरे को 92 मत मिले हैं। शुरुआती रुझानों से वकीलों के बीच मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
वरीयता मत प्रणाली से बदल सकते हैं परिणाम
चुनाव अधिकारियों के अनुसार मतगणना पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है। इसकी लाइव स्ट्रीमिंग यूट्यूब के माध्यम से की जा रही है और सभी आंकड़े आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट किए जा रहे हैं। अभी कई मतपत्रों की गिनती बाकी है, इसलिए वरीयता मत प्रणाली के चलते अंतिम परिणाम में बड़े बदलाव की संभावना बनी हुई है।