जबलपुर। मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित जेडीए की एक विवादित दुकान को लेकर गुरुवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हो गया। दुकान के कब्जे और स्वामित्व को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए। इस दौरान तीखी बहस, धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, जेडीए की इस दुकान को लेकर लंबे समय से न्यायालय में मामला विचाराधीन है और कोर्ट द्वारा स्थगन आदेश भी जारी किया गया है। आरोप है कि गुरुवार रात नितिन जैन अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे, जिनमें एक जिलाबदर आरोपी भी शामिल था। इसी दौरान दुकान संचालक वैभव वेशवानी और उनके समर्थकों के साथ विवाद शुरू हो गया।
वैभव वेशवानी ने आरोप लगाया कि नितिन जैन और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि उन्हें लगातार दबाव में लेने का प्रयास किया जा रहा है और कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा।
रात करीब 11 बजे हंगामे की सूचना पर गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया, लेकिन दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे और दुकान पर अपना अधिकार बताते रहे।
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त कर ली गई है। दुकान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।