akhbaar update

दो दिन से पानी की किल्लत से परेशान व्हीकल फैक्टरी कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, प्रशासनिक भवन के सामने किया प्रदर्शन

 




जबलपुर। व्हीकल फैक्टरी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद होने से परेशान कर्मचारियों का आक्रोश  सड़क पर नजर आया। पानी की समस्या से नाराज कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन के सामने धरना देते हुए मटके फोड़े और जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, व्हीकल स्टेट क्षेत्र के शासकीय आवासों और फैक्टरी के विभिन्न विभागों में पहले सीमित समय के लिए पानी की सप्लाई हो रही थी, जिससे कर्मचारी किसी तरह काम चला रहे थे। लेकिन पिछले दो दिनों से पूरी तरह पानी बंद होने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि पानी की समस्या की जानकारी कई बार फैक्टरी प्रबंधन को दी गई, लेकिन समय पर कोई समाधान नहीं किया गया। इससे नाराज होकर कर्मचारी गेट नंबर-6 के भीतर स्थित प्रशासनिक भवन के सामने एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरने और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही फैक्टरी प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने जल्द से जल्द पेयजल समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने अपना विरोध समाप्त किया।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update