जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश द्वारा महिला से मंगलसूत्र और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
तुलसी मोहल्ला वार्ड बाई का बगीचा निवासी अनुज कोरी ने पुलिस को बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। 19 जून की रात करीब 10 बजे वह अपने ई-रिक्शा क्रमांक एमपी-20 ईएम 3394 से पत्नी पूजा कोरी, साली मन्नू बेन और बच्ची को लेकर अपनी पत्नी की बड़ी बहन गुड़िया साहू के घर एपीएन स्कूल के पास मोदीवाड़ा सदर जा रहा था।
जब वह अब्दुल हमीद चौक सदर पहुंचा, तभी उसकी पत्नी पूजा कोरी अपनी बहन से घर का पता पूछने के लिए मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार एक अज्ञात बदमाश आया और झपट्टा मारकर पूजा कोरी के गले से सोने का मंगलसूत्र और हाथ में मौजूद रियलमी कंपनी का मोबाइल छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।