वॉटर प्लांट की खुदाई से बने गड्ढे में समाए तीन दोस्त, क्षेत्र में पसरा मातम
जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित दद्दा घाट पर शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान जिसमें शेख साहिल पिता शेख करीम उम्र करीबन 19 वर्ष, मोइन खान पिता मो शकील खान उम्र 16 वर्ष, शेख आशिक पिता शेख हलीम खान उम्र करीबन 15 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों गढ़ा के मुजावर मोहल्ला स्थित सूपाताल क्षेत्र के निवासी थे और दोपहर करीब तीन बजे नहाने के लिए घाट पहुंचे थे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार वॉटर प्लांट क्षेत्र में चल रही खुदाई के कारण घाट के समीप पानी काफी गहरा हो गया था। नहाने के दौरान तीनों किशोर अनजाने में इसी गहरे हिस्से में पहुंच गए और पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। देखते ही देखते तीनों डूबने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
खुदाई बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाट के पास खुदाई के चलते बने गहरे गड्ढे ने तीन जिंदगियों को निगल लिया। आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई और पानी के तेज बहाव के कारण प्रयास सफल नहीं हो सके।
स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई, लेकिन उनके पहुंचने से पहले स्थानीय नाविकों और युवाओं ने राहत कार्य शुरू कर दिया था। काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि खुदाई वाले क्षेत्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।