जबलपुर. नागपुर-शहडोल गाड़ी संख्या 11201 में ट्रेन के गेट पर यात्रा करते समय एक यात्री के पैर में गंभीर चोट पहुंची, जिसकी जानकारी लगते ही ट्रेन के शुक्रवार की शाम को जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर त्वरित चिकित्सा उपलब्ध कराई गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनू पुत्र श्री श्याम सिंह, निवासी ,सोहागपुर, जिला शहडोल नामक यात्री ट्रेन के गेट के पास बैठा हुआ था, जिसके दौरान वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ एवं जीआरपी को अवगत कराया गया तथा गाड़ी के जबलपुर स्टेशन पहुंचने पर ईएमआर स्टाफ द्वारा यात्री का चिकित्सीय परीक्षण किया गया। जांच में यात्री के घुटने के नीचे पैर की हड्डी में गंभीर चोट पाई गई तथा फ्रैक्चर होने की संभावना व्यक्त की गई। यात्री को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पूर्व में ही 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया गया था। एंबुलेंस के स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ स्टाफ के सहयोग से घायल यात्री को जिला चिकित्सालय विक्टोरिया, जबलपुर उपचार हेतु भेजा गया।