भोपाल। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री को लेकर मौसम विभाग ने नई जानकारी जारी की है। विभाग के अनुसार, 15 से 18 जून के बीच मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। मानसून के आगमन से पहले प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिसके चलते कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
शनिवार को जबलपुर, भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना और सागर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
33 जिलों में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर सहित 33 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। इंदौर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में तेज धूप और गर्मी का असर बना रह सकता है।
सामान्य से 23 फीसदी कम बारिश
हालांकि प्रदेश में प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है, लेकिन जून महीने में अब तक हुई कुल वर्षा सामान्य से कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक औसत से 23 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सबसे अधिक कमी पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में देखी जा रही है।
जबलपुर के लिए क्या है स्थिति?
जबलपुर में शनिवार को तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।