akhbaar update

12 वर्षीय बालक का शव पेड़ से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

 



जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र के परसवाड़ा गांव में उड़द की फसल कटाई के दौरान एक 12 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बाद में उसका शव पास के खेत में पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान अमित सैयाम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से डोमदादर का निवासी था।

जानकारी के अनुसार, अमित अपनी मां बसंती बाई के साथ मजदूरी के लिए परसवाड़ा गांव आया था। वह पूरन सिंह परस्ते के नेतृत्व वाले आठ सदस्यीय मजदूर दल के साथ किसान लक्ष्मण पटेल के खेत में काम कर रहा था। खेत में बड़े लोग उड़द की फसल काटने में व्यस्त थे, जबकि अमित पास में खेल रहा था।

दोपहर में भोजन के समय जब अमित दिखाई नहीं दिया, तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद उसका शव नेमचंद पटेल के खेत में एक पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसने अपनी शर्ट का फंदा बनाकर पेड़ की डाल से खुद को लटका लिया था। परिजन उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर खितौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस परिजनों और साथ काम कर रहे मजदूरों से पूछताछ कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update