akhbaar update

आश्रम परिसर में उगाए जा रहे गांजा के पौधे जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

 


जबलपुर। ग्वारीघाट थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आश्रम परिसर से गांजा के चार पौधे जब्त किए हैं। जब्त किए गए पौधों का कुल वजन 778 ग्राम पाया गया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खेती करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में ग्वारीघाट पुलिस को सूचना मिली कि ललपुर स्थित नर्मदा पंप हाउस क्षेत्र में एक आश्रम परिसर में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगाए गए हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। जांच के दौरान आश्रम परिसर में गमलों में लगे चार छोटे-बड़े गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने पौधों को जब्त कर उनका वजन कराया, जिसमें कुल 778 ग्राम गांजा होना पाया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम स्वामी शिवेन्द्रानंद रंगनाथन (48) निवासी नर्मदा पंप हाउस, ललपुर, ग्वारीघाट बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 एवं 20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से गांजे की खेती कर रहा था और इसका उपयोग व्यक्तिगत स्तर पर किया जा रहा था या फिर इसकी बिक्री की योजना थी। मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update