जबलपुर। जिला अस्पताल विक्टोरिया में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। ओपीडी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी ने सात नोडल चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में शाम की ओपीडी के दौरान किए गए औचक निरीक्षण में कई डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए थे। मामले को गंभीर मानते हुए सिविल सर्जन ने संबंधित सात नोडल चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था।
नोटिस का जवाब नहीं देने पर कार्रवाई
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद किसी भी अधिकारी ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसे प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता माना गया है। अधिकारियों के इस रवैये से नाराज सिविल सर्जन ने उनके खिलाफ वेतन कटौती की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मरीजों की सुविधा से समझौता नहीं
डॉ. नवीन कोठारी ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। ड्यूटी में लापरवाही, समय पर ओपीडी में उपस्थित न रहना और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ओपीडी और अन्य विभागों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।