जबलपुर - रांझी थाना क्षेत्र स्थित अन्ना बाबा मोहल्ला में 75 वर्षीय पुष्पा शर्मा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के आरोपी 45 वर्षीय रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतका के घर के पास ही रहता था और नशे का आदी बताया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की नीयत से वृद्ध महिला के घर में घुसा था। इसी दौरान महिला जाग गई और उसे पहचान लिया। पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने घर में रखी कसैली से महिला के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए शव को घसीटकर पास के कुएं में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को घर में बिखरा सामान, खुली अलमारी और संघर्ष के निशान मिले, जिससे हत्या और चोरी की आशंका मजबूत हुई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों की सूचना और लगातार दबिश के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।