कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सगाई समारोह में शामिल होने जा रहा यात्रियों से भरा एक तूफान वाहन तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर फोरलेन बायपास के किनारे पलट गया। हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित करीब छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, तूफान वाहन क्रमांक एमपी-35 बीए-0871 पन्ना जिले से एक परिवार और उनके रिश्तेदारों को लेकर सिहोरा मार्ग से कटनी जा रहा था। सभी लोग कटनी में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्लीमनाबाद के भेड़ा टेक स्थित नेशनल हाईवे-30 फोरलेन बायपास के पास वाहन चालक का गाड़ी से नियंत्रण हट गया, जिससे वाहन सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस और सरकारी वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्लीमनाबाद पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। कुछ लोगों को ज्यादा चोटें आने के कारण उन्हें अस्पताल के वार्ड में भर्ती किया गया है। फिलहाल सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर और नियंत्रण में बताई जा रही है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।