जबलपुर। मध्यप्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अनूपपुर जिले के चचाई स्थित अमरकंटक ताप विद्युत गृह में 660 मेगावाट क्षमता की नई सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर यूनिट के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है।
परियोजना के मुख्य बॉयलर क्षेत्र में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) की तकनीकी टीम ने खुदाई का काम शुरू कर दिया है। इसे परियोजना के निर्माण का पहला महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।
यह नई यूनिट पुरानी और बंद हो चुकी इकाइयों की जगह स्थापित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, सुपरक्रिटिकल तकनीक पर आधारित यह यूनिट अधिक बिजली उत्पादन करने के साथ-साथ ईंधन की खपत भी कम करेगी। साथ ही यह पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप होगी।
परियोजना की निगरानी कार्यपालक निदेशक तनवीर अहमद के निर्देशन में की जा रही है। निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परियोजना के पूरा होने के बाद प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।