जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 60 हजार रुपये कीमत की 16 बोतल और 203 पाव अंग्रेजी शराब जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ और शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक कैंट उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में कैंट थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कैंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटेल ने बताया कि 12 जून की रात सूचना मिली थी कि चिकनी रोड स्थित बगीचा नंबर-57 क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने मकान के खंडहर हिस्से में अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब रखकर बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दिलीप कुमार पटेल उर्फ बिल्लू (45) निवासी चिकनी रोड, बगीचा नंबर-57, कैंट बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे कार्टनों और बैग से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने 16 बोतल बैगपाइपर अंग्रेजी शराब, 203 पाव अंग्रेजी शराब तथा अन्य शराब की खेप जब्त की। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि आरोपी को शराब कहां से मिली और वह इसे किसे बेचने वाला था।
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक राजेश बकोड़े, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र पटेल तथा आरक्षक योगेंद्र गोठरिया और महेंद्र मरावी की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।