नई दिल्ली/मेरठ। दिल्ली के जामिया नगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक और उसके परिवार पर पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने, निकाह करने तथा शारीरिक और मानसिक शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से साहिल नाम के एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में युवक ने उसे दिल्ली बुलाया। युवती का आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
पीड़िता के अनुसार, बाद में उसे मेरठ के एक गांव ले जाया गया, जहां उसे पता चला कि युवक का वास्तविक नाम फहीम है। युवती ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसे बंधक बनाकर रखा गया और परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा भी प्रताड़ित किया गया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और उसका जबरन निकाह कराया गया। इसके बाद उसे धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किए जाने का भी आरोप है।
युवती ने आगे आरोप लगाया कि निकाह के बाद उसका लगातार यौन शोषण किया गया और उसे देह व्यापार में धकेलने का प्रयास किया गया। इसके अलावा उसके दस्तावेजों में भी कथित रूप से बदलाव कराए गए।
पीड़िता ने बताया कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह आत्महत्या करने का विचार कर रही थी, लेकिन समय रहते उसे रोक लिया गया। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।