जबलपुर। तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IRCTC) द्वारा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह विशेष ट्रेन 11 जुलाई 2026 को रीवा से रवाना होगी, जिसमें श्रद्धालु 5 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ द्वारकाधीश मंदिर और एलोरा की यात्रा कर सकेंगे।
यह ट्रेन सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, रानी कमलापति, शुजालपुर और उज्जैन स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जहां से यात्री इस यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
10 रात और 11 दिन की इस धार्मिक यात्रा में द्वारका, नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और एलोरा के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
यात्रा के लिए एसी इकोनॉमी श्रेणी का किराया 20,250 रुपये प्रति व्यक्ति, 3 एसी स्टैंडर्ड श्रेणी का किराया 33,250 रुपये प्रति व्यक्ति और 2 एसी कम्फर्ट श्रेणी का किराया 44,000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
IRCTC के क्षेत्रीय प्रबंधक मोसेस बेंजामिन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक सर्व-सुविधा युक्त टूर पैकेज है, जिसमें आरामदायक रेल यात्रा, भोजन, बस द्वारा स्थानीय भ्रमण, ठहरने की व्यवस्था, टूर एस्कॉर्ट, यात्रा बीमा, सुरक्षा और हाउसकीपिंग जैसी सुविधाएं शामिल रहेंगी।
इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एजेंटों के माध्यम से अपनी बुकिंग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए भोपाल, जबलपुर और इंदोर रेलवे स्टेशन स्थित IRCTC कार्यालयों से संपर्क किया जा सकता है।