akhbaar update

युद्धविराम के अगले ही दिन इजरायल का लेबनान पर हमला, 5 लोगों की मौत; मध्य पूर्व में फिर बढ़ा तनाव

 




यरूशलम/बेरूत। इजरायल और लेबनान के बीच युद्धविराम की सहमति के महज एक दिन बाद ही इजरायल ने लेबनान के कई इलाकों में हवाई हमले कर दिए। इन हमलों में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है।

 रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायली लड़ाकू विमानों और ड्रोन ने रातभर दक्षिणी लेबनान के नबातिएह क्षेत्र समेत कई स्थानों को निशाना बनाया। हमलों में रिहायशी इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा, वहीं इजरायली सेना की ओर से कई स्थानों पर तोपों से भी गोलाबारी की गई।

बताया गया कि अरब सलीम गांव में हुए हवाई हमले में तीन लोगों की मौत हुई। वहीं देइर एज-जहरानी क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दौइर गांव में एक मोटरसाइकिल को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। अल-नुमाइरिया और काफर गोज गांव में कई मकान और रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।

इसके अलावा कफर रेमन, नबातिह अल-फौका, शूकिन, हब्बूश, जेबदीन, सजद और महमूदिया सहित कई अन्य गांवों में भी हमलों की खबर सामने आई है। लगातार हो रही सैन्य कार्रवाई से पहले से ही कमजोर युद्धविराम की स्थिति पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इस बीच ईरान ने अमेरिका के साथ संभावित वार्ता को लेकर शर्त रखी है कि लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई पूरी तरह बंद होनी चाहिए। इससे पहले भी इजरायली हमलों के बाद ईरान अमेरिका के साथ स्विट्जरलैंड में प्रस्तावित वार्ता को स्थगित कर चुका है।

मध्य पूर्व में बढ़ते इस तनाव ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में क्षेत्र की स्थिति पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update