बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर भीमोड़ी जलाशय के पास वन विभाग के वॉच टावर पर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का बैहर अस्पताल में उपचार जारी है।
मृतकों की पहचान ग्राम भीमोड़ी निवासी झामसिंह ताराम (30), ग्राम बिरवा निवासी सतीश वल्के (15) और लक्की मेरावी (15) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, झामसिंह मछली पकड़ने के लिए जलाशय गया था, जबकि सतीश और लक्की घूमने पहुंचे थे। वहीं ग्राम अतरिया निवासी रायसिंह अर्मो (40) और देवलाल टेकाम (41) किसी काम से वहां आए थे। ग्राम भीमोड़ी निवासी कचरी ताराम (50) कपड़े धोने जलाशय पहुंची थीं।
दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग वन विभाग के वॉच टावर के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान टावर पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग बेहोश हो गए। सभी घायलों को तत्काल बैहर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान झामसिंह ताराम ने भी दम तोड़ दिया।
बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि रायसिंह अर्मो, देवलाल टेकाम और कचरी ताराम का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।