जबलपुर। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत बुधवार 24 जून से की गई। यह विशेष अभियान 8 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का शुभारंभ जबलपुर पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
साइबर अपराधों के प्रति किया जाएगा जागरूक
अभियान के तहत आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाएं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी और केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड फ्रॉड और साइबर बुलिंग जैसे अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।
स्कूल-कॉलेजों और बाजारों में कार्यक्रम
जबलपुर पुलिस द्वारा अभियान के दौरान स्कूलों और कॉलेजों में जाकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सोशल मीडिया फ्रॉड, गेमिंग फ्रॉड और ब्लैकमेलिंग से बचने की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं को सुरक्षित डिजिटल भुगतान के तरीके समझाए जाएंगे।
नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रथ और साइबर सुरक्षा शपथ कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पुलिस की नागरिकों से अपील
किसी भी अज्ञात लिंक या संदिग्ध संदेश पर क्लिक न करें।
ओटीपी, एटीएम पिन और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
नौकरी, इनाम या निवेश के नाम पर आने वाले फर्जी ऑफरों से सावधान रहें।
बिना सत्यापन किसी भी एप्लिकेशन को डाउनलोड न करें।
मोबाइल स्क्रीन शेयर करने से बचें।
साइबर ठगी होने पर यहां करें शिकायत
साइबर अपराध की स्थिति में नागरिक तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या
पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
"सतर्क रहें, सजग रहें, सुरक्षित रहें" अभियान का मुख्य संदेश है।