जबलपुर। भीषण गर्मी के बीच शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले एक सप्ताह से कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से आमजन परेशान हैं। गर्मी में बिना बिजली के रहना मुश्किल हो गया है, वहीं पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी, जो शनिवार देर रात खुलकर सामने आ गई। बड़ी संख्या में लोग उखरी पावर हाउस पहुंचे और वहां बिजली व्यवस्था को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब मांगा, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और बहस मारपीट में बदल गई, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
इसके बाद गुस्साए लोग माढ़ोताल स्थित बिजली कार्यालय पहुंच गए और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती से उनका जनजीवन प्रभावित हो रहा है और विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द नियमित बिजली सप्लाई शुरू की जाए, अन्यथा आंदोलन और उग्र किया जाएगा।