जबलपुर- विजय नगर थाना क्षेत्र में जीरो डिग्री इलाके स्थित एक टाइल्स शोरूम में जमकर हंगामा और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने काउंटर केस कायम कर लिया है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
शोरूम संचालक का आरोप
शोरूम संचालक राजा तिवारी ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता एकांश ढिंगरा अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे और आते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ, उनकी पत्नी और कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। तिवारी के मुताबिक इस हमले में उन्हें गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने महिला पर भी हमला करने की कोशिश की।
अधिवक्ता पक्ष की सफाई
वहीं अधिवक्ता एकांश ढिंगरा ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वे सिर्फ बातचीत के लिए शोरूम गए थे। उनका कहना है कि विवाद की शुरुआत शोरूम संचालक ने की और उनके वाहनों में तोड़फोड़ की गई।
थाने में भी हुआ हंगामा
मामला तब और बढ़ गया जब शोरूम संचालक शिकायत दर्ज कराने विजय नगर थाने पहुंचे। इस दौरान अधिवक्ता और उनके साथी थाने के अंदर पहुंच गए और संचालक को बाहर निकालने की मांग करने लगे। पुलिस ने किसी तरह उन्हें थाने से बाहर किया। इसके बाद थाने के बाहर भी नारेबाजी और हंगामा हुआ।
सुरक्षा की मांग
घटना के बाद शोरूम संचालक ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर पुलिस से गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।