जबलपुर। गोसलपुर क्षेत्र में नई शराब दुकान खुलने का विरोध अब उग्र रूप लेता जा रहा है। शनिवार देर शाम गांव की महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शराब दुकान पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। इस दौरान दुकान में रखी शराब की बोतलें उठा ली गईं और तोड़फोड़ भी की गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत हृदयनगर के धमधा गांव स्थित बरनू तिराहा पर इस वित्तीय वर्ष में नई शराब दुकान खोली गई है। दुकान खुलने के बाद से ही ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे। गांव वालों का कहना है कि इसी रास्ते से महिलाएं और बच्चे रोज गुजरते हैं और स्कूल आने-जाने का रास्ता भी यही है। ग्रामीणों ने पहले भी प्रशासन और पुलिस से दुकान हटाने की मांग की थी।
शनिवार शाम महिलाओं और बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग शराब दुकान पहुंच गए। पहले दुकान के बाहर प्रदर्शन किया गया, फिर बच्चों ने वहां डांस किया। इसके बाद लोगों ने दुकान के अंदर घुसकर शराब की बोतलें उठाना शुरू कर दिया। जिसके हाथ जो बोतल लगी, वह उसे लेकर वहां से निकल गया।
हंगामे के दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी की गई और पत्थरबाजी की गई। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर दुकान बंद नहीं की गई, तो फिर इसी तरह विरोध किया जाएगा।
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। शराब दुकान संचालक संतोष जायसवाल की शिकायत पर गोसलपुर थाना पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। वहीं घटना की जानकारी आबकारी विभाग को भी दी गई थी, लेकिन टीम के पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी।