akhbaar update

राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, मची अफरा-तफरी

 


रतलाम। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में आलोट के पास लूणी रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ।

जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस रात करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। इसका अगला स्टॉप कोटा जंक्शन था, लेकिन राजस्थान सीमा में प्रवेश करने से पहले ट्रेन के एसी कोच बी-1 में आग लग गई। उस समय कोच में करीब 68 यात्री सवार थे।

आग लगते ही रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों में हड़कंप मच गया। करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोक दी गई। रेलवे ने तुरंत ट्रेन का बिजली कनेक्शन बंद कर प्रभावित कोच को अलग कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। दुर्घटना राहत ट्रेन और टॉवर वैगन मौके पर भेजी गई। रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update