akhbaar update

दमोह स्टेशन पर बाल तस्करी की सूचना से हड़कंप, ट्रेन में चला सर्च अभियान

 


जबलपुर - पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत दमोह रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों को बाल श्रम के लिए अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन से ले जाए जाने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस, आरपीएफ, बाल कल्याण समिति, महिला एवं बाल विकास विभाग और श्रम विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंच गई।

सूचना थी कि बच्चों को दरभंगा से अहमदाबाद ले जाया जा रहा है। इसके बाद टीम ने अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान ज्यादातर बच्चे अपने माता-पिता के साथ यात्रा करते मिले, जबकि कुछ बच्चों के पास आधार कार्ड भी पाए गए।

हालांकि ट्रेन के निर्धारित समय पर रवाना होने के कारण टीम सभी डिब्बों की पूरी तरह जांच नहीं कर सकी। इसके बावजूद अभियान के दौरान कोई भी बाल श्रमिक बरामद नहीं हुआ।

ट्रेन रवाना होने के बाद अगले बड़े स्टेशन सागर को भी जांच के निर्देश दिए गए। अधिकारियों के मुताबिक बच्चों को बाल श्रम के लिए ट्रेनों के जरिए बड़े शहरों में ले जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, इसलिए विभाग सतर्क है।

अधिकारियों ने बताया कि समय कम होने के कारण इस बार संदिग्ध बच्चों का पता नहीं चल सका, लेकिन अब ऐसी ट्रेनों की नियमित जांच की जाएगी। वहीं पुलिस और आरपीएफ ने कहा कि मिली खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी और आगे भी ट्रेनों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update