जबलपुर। आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1700 रुपए नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में क्रिकेट सट्टा संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक सोनू कुमरे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
पूर्वा चौरसिया ने बताया कि 14 मई की रात सूचना मिली कि कलचुरी होटल के गेट के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा खेल रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवा जॉर्ज निवासी गोरखपुर बताया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मोबाइल के जरिए WBWINBUZZ नाम की वेबसाइट पर आईपीएल मैचों में सट्टा लगाता था। उसने यह भी बताया कि वह बिलहरी निवासी बॉबी नाम के व्यक्ति के माध्यम से आईडी लेकर सट्टा खेलता और खिलाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पंजाब और मुंबई की आईपीएल टीमों के मैच पर करीब 1 लाख 23 हजार रुपए का दांव लगाया था। जीत-हार के पैसे वह नकद और मोबाइल के जरिए लेन-देन करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और 1700 रुपए जब्त कर उसके खिलाफ सट्टा एक्ट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।