akhbaar update

शराब पार्टी के विवाद में युवक की हत्या, चाकू मारकर उतारा मौत के घाट



जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में देर रात शराब पार्टी के दौरान हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के बाद कुछ युवकों ने पीछा कर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार शिवाजी चौक स्थित एक बारात घर के पीछे डीजे का संचालन करने वाले कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का दूसरे पक्ष के युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शराब के नशे में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।

समझौते के बाद अतुल और कपिल वहां से घर के लिए निकल गए, लेकिन दूसरे पक्ष के युवक रंजिश पाल बैठे। कुछ देर बाद आरोपियों ने बाइक से दोनों का पीछा किया और तीन पत्ती इलाके में यूको बैंक के पास एक रेस्टोरेंट के सामने उन्हें रोक लिया।

यहां फिर विवाद शुरू हुआ और आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने कपिल की कमर के नीचे चाकू मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल कपिल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मदन महल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में हुआ विवाद ही हत्या की वजह बना। मामले में मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update