जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में देर रात जब गुटखा लेने रुके तीन युवकों पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार राजीव नगर मोहरिया निवासी मोहम्मद दिलशाद अपने दोस्तों मोहम्मद कलीम और मोहम्मद शानू के साथ देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में तीनों युवक मोहरिया कैफे के सामने गुटखा लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां पहुंचे मोहम्मद हसन और उसके दो साथियों ने अपनी बुलेट बाइक युवकों की गाड़ी के सामने खड़ी कर दी।
जब दिलशाद ने बाइक हटाने की बात कही तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मोहम्मद हसन ने चाकू निकालकर दिलशाद पर हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ और पैर में चोट आई।
घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर हनुमानताल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।