akhbaar update

ई-रिक्शा चार्जिंग संचालक पर चाकू-डंडों से हमला, चार आरोपी फरार

 


जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के नर्मदा नगर में एक ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट संचालक पर चार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

घायल युवक की पहचान रूपांशु प्रसाद कुशवाहा (36) के रूप में हुई है, जो नर्मदा नगर दस्सी पड़ा का निवासी है। वह संस्कार परिसर स्थित एक्स क्लब जिम के पास ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट चलाता है। आरोपियों की पहचान विक्की पंडित, आकाश कोष्टा, सोम कोष्टा और एक अज्ञात युवक के रूप में की गई है।

चोरी के शक में किया हमला
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे चारों आरोपी दुकान में घुसे और रूपांशु पर ई-रिक्शा बैटरी चोरी की सूचना पुलिस को देने का आरोप लगाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर चाकू व डंडों से हमला कर दिया। हमले में रूपांशु के सिर, आंख, कान और पैरों में गंभीर चोटें आईं।

राहगीरों ने बचाई जान
हमले के दौरान घायल युवक जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागा और शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर राहगीरों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
गोहलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update