akhbaar update

तेंदूपत्ता बीनने आए युवक की लू लगने से मौत




जबलपुर। कुण्डम क्षेत्र के ग्राम करौंदी में तेंदूपत्ता बीनने आए एक युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत लू लगने से हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आत्माराम नेवारे निवासी रामप्याली जिला बालाघाट अपने साथी ईश्वर दयाल महार सहित अन्य लोगों के साथ 8 मई को कुण्डम क्षेत्र में बीड़ी के लिए तेंदूपत्ता एकत्र करने आया था। सभी लोग ग्राम करौंदी के आंगनबाड़ी केंद्र में ठहरे हुए थे।

बताया गया है कि बीते दिन तेंदूपत्ता बीनते समय आत्माराम की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथी मजदूर उसे वापस ठहरने वाली जगह लेकर आए। तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उसने खाना भी नहीं खाया और आराम करने लगा।

कुछ देर बाद हालत और बिगड़ने पर उसे एम्बुलेंस की मदद से कुण्डम के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update