जबलपुर में रेलवे पुल नंबर 1 से कांचघर मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो गई है। अमृत-2 परियोजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। जगह-जगह मिट्टी के ढेर और कीचड़ के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।
शुक्रवार दोपहर हालात तब और बिगड़ गए, जब रेलवे कोचिंग डिपो के सामने एक कचरा वाहन मिट्टी में धंस गया। बताया जा रहा है कि गाड़ी के दोनों पहिए करीब एक फीट तक धंस गए थे, जिससे सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। करीब 45 मिनट तक लोग तेज धूप में फंसे रहे। बाद में दूसरी गाड़ी की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया, तब जाकर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत को करीब दो महीने हो चुके हैं, लेकिन अब तक सुधार का कोई काम शुरू नहीं हुआ। पाइप लाइन डालने के बाद सड़क पर चलने के लिए केवल 6 से 7 फीट जगह बची है, जबकि बाकी हिस्से में कीचड़ और मिट्टी फैली हुई है।
इस मार्ग से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना होता है। लगातार जाम और खराब सड़क के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित ठेकेदार से जल्द सड़क सुधार की मांग की है।