जबलपुर: महिला एवं बाल विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल कल्याण समिति जबलपुर के अध्यक्ष मनीष व्यास को पद से हटा दिया है। यह आदेश मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल के निर्देश पर जारी किया गया। कार्रवाई की वजह समिति की महिला सदस्य मेघा पवार द्वारा की गई शिकायत को बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, मेघा पवार ने अध्यक्ष मनीष व्यास पर महिला सदस्यों के प्रति अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया था। मामले की जांच एसडीएम रांझी, जबलपुर से कराई गई। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि अध्यक्ष का व्यवहार असंयमित था और पद की गरिमा के अनुरूप नहीं था।
इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने मनीष व्यास को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनका पक्ष भी सुना गया। अपने जवाब में उन्होंने विवाद को प्रशासनिक मतभेद बताया, लेकिन विभाग ने जांच रिपोर्ट, गवाहों के बयान और सुनवाई के आधार पर उनके आचरण को गंभीर माना।
विभाग के अनुसार उनका व्यवहार समिति की आचार संहिता और किशोर न्याय नियमों के खिलाफ पाया गया। इसी आधार पर किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया गया।
बता दें कि राज्य शासन ने मनीष व्यास को 24 अक्टूबर 2024 को बाल कल्याण समिति जबलपुर का अध्यक्ष नियुक्त किया था।