akhbaar update

पैसे नहीं देने पर ड्राइवर पर हमला, भतीजे को चाकू मारकर आरोपी फरार

 




जबलपुर। पनागर क्षेत्र के देवरी खुर्द राम वार्ड निवासी 47 वर्षीय सोनूलाल बर्मन के साथ लूट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। सोनूलाल, जो पेशे से ड्राइवर हैं, अपनी बेटी नंदनी और भतीजे कबीर के साथ जिलहरी घाट में आयोजित कथा से लौट रहे थे। शाम करीब 4 बजे रास्ते में चार युवकों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब सोनूलाल ने पैसे देने से इनकार किया और उनका नाम पूछा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने सोनूलाल के चेहरे पर लोहे का कड़ा मार दिया, जिससे उनके मुंह से खून निकलने लगा। इसी दौरान आरोपी तनिष्क ने कबीर की दाहिनी जांघ में चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पीड़ितों ने मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद चारों आरोपी वहां से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान हर्षू सिंह, तनिष्क, सुमित और सोनू के रूप में की है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update